बड़वानी। नवरात्रि पर्व को लेकर बड़वानी शहर में गरबा आयोजनों की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। इसी क्रम में राजघाट रोड स्थित साखी रिजॉर्ट में रास रंग ओपन गरबा मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी नवरात्रि के दौरान होने वाले सात दिवसीय गरबा महोत्सव की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सर्वसम्मति से मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन कर सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।नवनियुक्त अध्यक्ष प्रमेश यादव ने बताया कि रास रंग गरबा मंडल पिछले करीब 20 वर्षों से गरबा आयोजन की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। वहीं मंडल द्वारा पिछले चार वर्षों से ओपन गरबा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी नवरात्रि पर्व के अवसर पर 12 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक सात दिवसीय भव्य ओपन गरबा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन राजघाट रोड स्थित साखी रिजॉर्ट गार्डन में होगा।
सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी गठित
बैठक में रास रंग ओपन गरबा मंडल की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें प्रमेश यादव को अध्यक्ष, विकास यादव एवं विनोद गहलोत को उपाध्यक्ष, शक्ति सोलंकी को सचिव, शुभम अग्रवाल को सह-सचिव, कमल चौहान एवं आकाश शराफ को कोषाध्यक्ष, आदित्य शर्मा को मीडिया प्रभारी, अनुभव अवस्थी को सह-मीडिया प्रभारी तथा ईश्वर यादव एवं अंकुश भावसार को प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई।नई कार्यकारिणी के गठन के बाद सभी सदस्यों ने आगामी आयोजन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।
गुजराती गरबा, गायक और आकर्षक रोशनी रहेगी विशेष
समिति के हितेश अग्रवाल एवं प्रवक्ता ईश्वर यादव ने बताया कि इस वर्ष गरबा आयोजन को पिछले आयोजनों की तुलना में और बेहतर एवं व्यवस्थित स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। गुजराती डांडिया और गरबा आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन में गुजराती गायक एवं कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी।आयोजन स्थल पर आकर्षक लाइटिंग एवं रोशनी की व्यवस्था को भी बेहतर किया जा रहा है, ताकि गरबा प्रेमियों को उत्सव का अलग अनुभव मिल सके। समिति द्वारा आयोजन में कुछ नए और विशेष आकर्षण शामिल करने की भी तैयारी की जा रही है।
सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में गरबा महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, अतिथियों के लिए विशेष व्यवस्था तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया। आयोजन स्थल पर आने वाले गरबा प्रेमियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रवेश, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने पर चर्चा हुई।समिति सदस्यों ने कहा कि आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पहले से सुनिश्चित किया जाएगा।
फ्रेंड्स ग्रुप और बड़वानी धरोहर सहित अन्य मंडलो का मिलेगा सहयोग
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष रास रंग ओपन गरबा महोत्सव के आयोजन में फ्रेंड्स ग्रुप एवं बड़वानी धरोहर सहित अन्य सभी मंडलो का का भी सहयोग रहेगा। बैठक में आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां बांटी गईं तथा सदस्यों से सुझाव लिए गए।प्रवक्ता ईश्वर यादव ने कहा कि रास रंग ओपन गरबा मंडल इस बार बड़वानीवासियों के लिए कुछ विशेष प्रस्तुत करने की तैयारी में है। आयोजन का उद्देश्य गरबा एवं डांडिया की सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ ही शहरवासियों को एक बेहतर और व्यवस्थित गरबा महोत्सव उपलब्ध कराना है। सात दिवसीय आयोजन को लेकर गरबा प्रेमियों में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है।बैठक में मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आगामी 12 से 18 अक्टूबर तक होने वाले गरबा महोत्सव को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से सहयोग करने का संकल्प लिया।