मंदसौर। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर ग्रामीण चार्ज अधिकारियों, अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों, चार्ज क्लर्क एवं तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार से ई-दक्ष केंद्र, मंदसौर में शुरू हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना के द्वितीय चरण में किए जाने वाले कार्यों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है, ताकि जनगणना कार्य निर्धारित समय-सीमा में सुचारू एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
प्रशिक्षण में जिला मास्टर ट्रेनर सत्येंद्र राठौर के साथ जनगणना निदेशालय से आए मास्टर ट्रेनर अभिषेक ठाकुर एवं अमित घोरे द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित विभिन्न कार्यों, प्रक्रियाओं, तकनीकी व्यवस्थाओं एवं दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी।
तकनीकी और मैदानी कार्यों पर जोर-
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य में उपयोग होने वाली तकनीकी व्यवस्थाओं, मोबाइल एप्लीकेशन, ऑनलाइन प्रक्रियाओं और मैदानी स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही संभावित समस्याओं और उनके समाधान को लेकर भी प्रतिभागियों को मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि जनगणना 2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके सफल संचालन में प्रत्येक स्तर पर नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें अपने दायित्वों और कार्यप्रणाली की स्पष्ट जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों को लेकर प्रश्न एवं जिज्ञासाएं रखीं, जिनका मास्टर ट्रेनरों ने समाधान किया। दो दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।