नीमच। शिवाजी सागर जलाशय यानी ठिकरिया डेम को गांधी सागर बांध की पाइपलाइन से भरने की मांग को लेकर ग्राम मालिया, डासिया और पिपलिया व्यास के ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने जलाशय में पानी की कमी के कारण किसानों को हो रही सिंचाई समस्या का हवाला देते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि शिवाजी सागर जलाशय का निर्माण किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था। इस जलाशय से आसपास के करीब 15 से 20 गांवों की लगभग 2,500 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होती है। वर्तमान में जलाशय में पानी बेहद कम होने से किसानों को सिंचाई के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे फसलों पर भी असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांधी सागर बांध की पाइपलाइन नीमच तक पहुंच चुकी है। ऐसे में इसी पाइपलाइन के माध्यम से शिवाजी सागर जलाशय को पानी से भरने की व्यवस्था की जाए, ताकि आसपास के गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से किसानों के हित में शीघ्र कार्रवाई करते हुए शिवाजी सागर जलाशय को गांधी सागर बांध की पाइपलाइन से भरने के संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की है।