चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित जिला पुस्तकालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली।
जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शांत, सुविधाजनक और बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
सीएसआर से सुदृढ़ होंगी पुस्तकालय की सुविधाएं-
जिला कलक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को पुस्तकालय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को सीएसआर मद से आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुस्तकालय की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करते हुए विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान विशेषाधिकारी आईएएस रविंद्र मेघवाल, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मोहित शेखावत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।