नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश शासन आयुष विभाग, जिला नीमच द्वारा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच में योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किया गया। इसमें करीब 700 विद्यार्थियों एवं 40 विद्यालय स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता की।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अष्टांग योग के आठ अंग—यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान एवं समाधि—के बारे में बताया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से एकाग्रता, आत्मनियंत्रण, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिलती है। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली में योग की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वस्थ जीवनशैली में योग की उपयोगिता बताई-
आयुर्वेद के सिद्धांत “स्वस्थस्य स्वास्थ्यरक्षणं, आतुरस्य विकारप्रशमनं च” के संदर्भ में स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा और रोगी के विकारों के शमन में स्वस्थ जीवनशैली की भूमिका पर जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नियमित योग एवं ध्यान के माध्यम से स्वस्थ दिनचर्या अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशीष बोरना, डॉ. राहुल जायसवाल, हरिश दास बैरागी, विनीत सोनी, आनंद शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य अरविन्द कुमार शर्मा सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।