नीमच। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘सेवा, मेरा योगदान’ गतिविधि के तहत सोमवार को जिले के 20 अमृत सरोवरों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान के दौरान अमृत सरोवरों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई।
अभियान के दौरान विसर्जन के बाद अमृत सरोवरों एवं आसपास एकत्रित पूजन सामग्री, पॉलीथिन और अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। संबंधित ग्राम पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए श्रमदान किया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने, पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने तथा अमृत सरोवरों में कचरा नहीं डालने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा। अमृत सरोवरों की स्वच्छता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित किया गया।