उज्जैन। धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी उज्जैन का नाम खेल जगत में रोशन करते हुए प्रतिभाशाली दिव्यांग क्रिकेटर माखन सिंह राजपूत का चयन आगामी ‘रेडिएंट वर्ल्ड पैरा क्रिकेट लीग 2026’ के लिए हुआ है । दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आईपीएल की तर्ज पर आयोजित हो रही इस प्रतिष्ठित लीग में माखन सिंह ‘राजस्थान स्ट्राइकर’ टीम की ओर से बतौर ऑलराउंडर मैदान में उतरेंगे 1। यह प्रतियोगिता 6 से 11 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है, जिसके लिए वे अपने साथी खिलाड़ियों के साथ ट्रेन से रवाना हो चुके है ।
मध्य प्रदेश दिव्यांग क्रिकेट टीम के कप्तान और राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके माखन सिंह का करियर बेहद शानदार रहा है । वर्ष 2019 में डेब्यू करने के बाद उन्होंने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर राज्य और राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई । वे 2021 में शारजाह (दुबई) में आयोजित दिव्यांग प्रीमियर लीग तथा 2022 व 2023-24 में नेपाल के खिलाफ भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के सदस्य रह चुके हैं। हाल ही में उनके नेतृत्व में मध्य प्रदेश टीम ने ऐतिहासिक ट्राइंगुलर सीरीज अपने नाम की है ।
इस लीग में भारत के अलावा श्रीलंका, यूएई और नेपाल के खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं । माखन सिंह अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच डॉ. राकेश चावरे के मार्गदर्शन और सतत मेहनत को देते हैं । उनके इस चयन पर उज्जैन के खेलप्रेमियों, मित्रों और परिवार में भारी उत्साह है ।