नीमच। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। नीमच के वार्ड क्रमांक 18 स्थित डॉ. अंबेडकर कॉलोनी निवासी मीनाक्षी के लिए भी यह योजना शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहारा बनी है।
मीनाक्षी बताती हैं कि मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत उन्हें कक्षा छठवीं में 2 हजार रुपये, कक्षा नौवीं में 4 हजार रुपये तथा कक्षा ग्यारहवीं में 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। उन्होंने इस राशि का उपयोग ट्यूशन फीस, किताबें एवं पढ़ाई से संबंधित अन्य आवश्यक खर्चों के लिए किया। कोचिंग फीस सहित शिक्षा से जुड़े अन्य खर्चों में भी योजना से मिली सहायता उपयोगी रही।
मीनाक्षी का कहना है कि लाड़ली लक्ष्मी योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उनकी पढ़ाई को आगे बढ़ाने में मदद की है। बेटियों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए संचालित यह योजना उनके लिए काफी लाभदायक साबित हुई है।
योजना का लाभ मिलने पर मीनाक्षी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।