नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान एवं महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर आयोजित मद्य निषेध सप्ताह के तहत नीमच पुलिस द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के नेतृत्व में पुलिस लाइन नीमच में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
पुलिस परिवार के स्वास्थ्य को दी प्राथमिकता-
पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था एवं जनसेवा से जुड़े दायित्वों का निरंतर निर्वहन करते हैं। ड्यूटी के दौरान उन्हें लंबे समय तक कार्य करने के साथ तनाव एवं शारीरिक परिश्रम का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता महत्वपूर्ण है।
इसी उद्देश्य से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में पुलिसकर्मियों के साथ उनके परिवारजनों का भी चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
संतुलित आहार और तनाव प्रबंधन की दी जानकारी-
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम एवं तनाव प्रबंधन के महत्व के बारे में जानकारी दी। पुलिसकर्मियों को व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण कार्य परिस्थितियों के बीच अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के माध्यम से पुलिस परिवार को यह संदेश भी दिया गया कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है और नशामुक्त जीवन स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला है।
शिविर में पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया।