शिवपुरी। शिवपुरी कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में उदयपुर से आई एक युवती ने कलेक्टर के सामने अपनी जमा राशि निकलवाने की गुहार लगाई। युवती ने बताया कि उसके पिता युगल कुमार जोशी और मां मधु जोशी, निवासी उदयपुर, राजस्थान का शिवपुरी स्थित जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक में संयुक्त खाता है, जिसमें उनकी जमा राशि है।
युवती के अनुसार वर्तमान में बैंक की ओर से उन्हें सप्ताह में केवल 1 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। उसने बताया कि उसके पिता पिछले चार वर्षों से उदयपुर में किडनी की बीमारी का इलाज करा रहे हैं और नियमित डायलिसिस चल रही है। इलाज में अब तक काफी राशि खर्च हो चुकी है और आगे के उपचार के लिए तत्काल पैसों की आवश्यकता है।
युवती ने कलेक्टर से आग्रह किया कि बैंक में जमा 10 लाख रुपये की राशि एकमुश्त दिलाने की व्यवस्था की जाए, ताकि पिता के इलाज और परिवार की जरूरी जरूरतों को पूरा किया जा सके। जनसुनवाई में युवती ने अपनी आर्थिक और पारिवारिक परिस्थिति बताते हुए प्रशासन से मदद की मांग की।