मनासा। नीमच जिले के मनासा तहसील क्षेत्र में भूमि विवाद से जुड़ा मामला सामने आया है। ग्राम खेड़ी चंद्रावत निवासी कारू पिता मेघाजी बंजारा ने कलेक्टर के समक्ष जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार विवादित भूमि सर्वे नंबर 51/5 एवं 51/6 से संबंधित है। आवेदक का कहना है कि उसने न्यायालय तहसीलदार मनासा के समक्ष धारा 131 के तहत आवेदन प्रस्तुत किया था। इस पर 31 अगस्त 2026 को आदेश पारित किया गया था। आदेश में आवेदक के कृषि कार्य के लिए रास्ता उपलब्ध कराने और रास्ते में आ रही बाधा हटाने के निर्देश दिए गए थे।
आवेदक ने आरोप लगाया कि तहसीलदार के आदेश के बावजूद रास्ते में लगी तार फेंसिंग और पत्थर की दीवार अब तक नहीं हटाई गई है। इसके चलते कृषि उपकरणों को खेत तक ले जाने में परेशानी हो रही है और खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है।
आवेदक ने कलेक्टर से मामले की जांच कर तहसीलदार के आदेश का पालन करवाने तथा रास्ता खुलवाने की मांग की है।