शिवपुरी। शिवपुरी कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में एक महिला ने कलेक्टर को आवेदन देकर दीपावली के मद्देनजर दो माह तक वर्तमान स्थान पर अस्थायी रूप से ठेला लगाने की अनुमति देने की मांग की।
महिला ने आवेदन में बताया कि वह कई वर्षों से गर्ल्स स्कूल के पास टेकरी रोड, शिवपुरी में हाथ ठेले और टेबल पर वस्त्र बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही है। करीब सात वर्ष पूर्व प्रशासन द्वारा उन्हें वर्तमान स्थान आवंटित किया गया था।
महिला ने बताया कि आगामी दीपावली को देखते हुए उसने उधार लेकर पर्याप्त मात्रा में कपड़े का सामान खरीदा है। यदि दुकानदारी बंद हो जाती है तो उसे गंभीर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा और परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।
महिला ने कहा कि उसका ठेला या टेबल यातायात में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करता है। उसने मानवीय और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए कलेक्टर से दो माह तक वर्तमान स्थान पर अस्थायी दुकानदारी की अनुमति देने की मांग की है।