उज्जैन। रामवास क्षेत्र में मंगलवार को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में बस धू-धूकर जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। घटना के समय बस में यात्री सवार थे या नहीं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
25 सितंबर को हुआ था सेवा का शुभारंभ
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का प्रदेश स्तर पर शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इस दौरान प्रदेश के 7 प्रमुख शहरों के लिए 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को हरी झंडी दिखाई गई थी।
इंदौर में भी हुआ था हादसा
सेवा के शुभारंभ के दो दिन बाद 27 सितंबर को इंदौर के राजबाड़ा क्षेत्र में सेवा से जुड़ी एक ई-बस अनियंत्रित होकर तीन लोगों से टकरा गई थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि दो लोग घायल हुए थे।
उज्जैन को मिली हैं 10 बसें
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उज्जैन को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत 10 बसें मिली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 सितंबर को महाकाल लोक से पीएम ई-बस सेवा और उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ कर इन बसों को रवाना किया था।