देवास। नवरात्रि पर्व के दौरान माता टेकरी आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर शिवसेना जिला अध्यक्ष सुनील वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को पांच सूत्रीय मांगों का आवेदन सौंपा।
जिला अध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां चामुंडा एवं मां तुलजा भवानी के दर्शन के लिए देवास आते हैं। श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नवरात्रि के दौरान शराब एवं मांस-मटन की दुकानें पूर्णतः बंद रखने तथा माता टेकरी क्षेत्र को शराब-मुक्त धार्मिक क्षेत्र घोषित करने की मांग की गई है।
इसके साथ ही माता टेकरी क्षेत्र में केवल निर्धारित एवं नियमित फूल-माला दुकानदारों को ही दुकान लगाने की अनुमति देने, अनधिकृत दुकानों एवं सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर रोक लगाने तथा वाहन चालकों के साथ विवाद जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की मांग की गई।
वर्मा ने बताया कि इटावा मार्ग पर निर्माण कार्य के चलते मार्ग सीमित होने से जाम की स्थिति बन रही है। नवरात्रि में पैदल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने को देखते हुए भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर उन्हें वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट करने की मांग की गई है। साथ ही इटावा से आरके होटल होते हुए ब्रिज तक नवरात्रि समाप्त होने तक नई खुदाई रोकने तथा पूर्व में की गई खुदाई के लंबित निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर मार्ग को सुरक्षित एवं यातायात योग्य बनाने की मांग भी आवेदन में रखी गई है।
शिवसेना ने प्रशासन से नवरात्रि प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि माता टेकरी आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन की सुविधा मिल सके।