देवास। एमजी रोड स्थित शालिनी रोड पर 3 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले नए शालिनी मार्केट का भूमि पूजन विधायक गायत्री राजे पवार ने किया। इस दौरान महापौर गीता अग्रवाल, सभापति रवि जैन, सत्ता पक्ष नेता मनीष सेन सहित पार्षद एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
विधायक ने बताया कि चार मंजिला मार्केट के बेसमेंट में करीब 200 दोपहिया वाहनों की पार्किंग होगी। प्रथम तल पर 19 तथा द्वितीय और तृतीय तल पर 9-9 दुकानें बनाई जाएंगी। यहां पहले से व्यापार कर रहे 16 व्यापारियों को प्राथमिकता से दुकानें आवंटित की जाएंगी।
नवरात्रि पर्व को लेकर विधायक ने श्रद्धालुओं और भंडारा संचालकों से स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नौ दिनों तक अति आवश्यक होने पर ही कार का उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। भंडारा संचालक प्लास्टिक डिस्पोजल से बचें और कचरा डस्टबिन में ही डलवाएं।
विधायक ने नवरात्रि के दौरान लगाए जाने वाले फ्लेक्स को लेकर भी कहा कि माता रानी का फोटो बड़ा और नेताओं एवं उनके परिवार के सदस्यों के फोटो छोटे रखे जाएं। उन्होंने अपील की कि कम से कम नवरात्रि के नौ दिनों में इस पर विशेष रूप से अमल किया जाए और माता की भक्ति व श्रद्धा को प्राथमिकता दी जाए।
नगर निगम सभापति रवि जैन ने भी नागरिकों से यातायात एवं स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान नगर निगम की टीमें शहर में लगातार तैनात रहकर स्वच्छता व्यवस्था संभालेंगी।