शाजापुर। बेरछा थाना क्षेत्र के देवालाबिहार गांव में जमीन विवाद और सोयाबीन की फसल कटाई को लेकर परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित राहुल चोरड़िया और उनके परिवारजनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायती आवेदन सौंपते हुए प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की मांग की।
पीड़ित परिवार के अनुसार, उनकी निजी जमीन पर सोयाबीन की फसल बोई गई थी। फसल पकने के बाद जब परिवार के सदस्य कटाई के लिए खेत पर पहुंचे, तो कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। घटना में परिवार के सदस्यों को चोटें भी आईं। इसके बाद बेरछा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिसके चलते उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है। परिवार ने कलेक्टर और पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।