नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन, उज्जैन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जिलेभर से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए।
शिविर के दौरान करीब 76 फरियादियों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। एसपी व्यास ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को प्रकरणों की जांच कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान आयोजित सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर में लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 13 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराया गया तथा शिकायतों को बंद करवाया गया।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निष्पक्ष एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित शिकायतों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न प्रकार के प्रकरणों पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही थाना क्षेत्रों में समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में एसडीओपी जावद हर्ष राठौर, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक दिव्या चंद्रवंशी, जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं प्रभारी अधिकारी, संबंधित शाखा प्रभारी सहित बड़ी संख्या में फरियादी एवं आवेदक उपस्थित रहे।