खरगोन। जिले और समस्त विकासखंडों में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) में पदस्थ सपोर्ट स्टाफ आउटसोर्स कर्मियों को पिछले तीन से चार माह से मानदेय नहीं मिलने का मामला सामने आया है। सीएमएचओ कार्यालय से राहत नहीं मिलने पर मंगलवार को कर्मचारी कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर को मांगपत्र सौंपकर लंबित मानदेय का भुगतान कराने की मांग की।
राष्ट्रीय मानवाधिकार न्याय आयोग संगठन के बैनर तले पहुंचे कर्मचारियों ने बताया कि वे वर्ष 2009 से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत सेवाएं दे रहे हैं। कई माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन की ममता हिरवे ने बताया कि ठेका कंपनी के अधिकारी एनआरसी से राशि प्राप्त नहीं होने का हवाला देकर वेतन जारी करने में असमर्थता जता रहे हैं। कर्मचारियों ने कलेक्टर से लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान कराने, भविष्य में समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, ईपीएफ राशि का कर्मचारीवार विवरण उपलब्ध कराने और अर्द्धकुशल श्रेणी के अनुसार देय मानदेय दिलाने की मांग की है।