चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना कपासन ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस के पुराने प्रकरण में फरार चल रहे मादक पदार्थ सप्लायर को गिरफ्तार किया है। वहीं, अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बजरी से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भैंस के बछड़े की गर्दन पर धारदार हथियार से वार करते हुए रील वायरल करने वाले आरोपी को तलवार सहित गिरफ्तार किया गया।
ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत फरार सप्लायर गिरफ्तार-
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2025 को थाना कपासन पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 58.1 ग्राम अवैध एमडीएमए पाउडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया था। अनुसंधान के दौरान मादक पदार्थ के सप्लायर आरोपी अकबर खान को भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत चालान पेश किया गया था।
इसी प्रकरण में फरार चल रहे मादक पदार्थ सप्लायर फरदीन खान पठान पुत्र शाहनवाज उर्फ बबलू खान पठान, उम्र 23 वर्ष, निवासी कोटड़ी, थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ को कपासन पुलिस टीम ने 5 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को पीसी रिमांड प्राप्त हुआ है। पुलिस आरोपी से अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
अवैध बजरी परिवहन पर कार्रवाई, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
कपासन पुलिस ने 6 अक्टूबर 2026 को नाकाबंदी के दौरान अवैध रूप से बजरी का परिवहन करते हुए दो व्यक्तियों को डिटेन किया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध बजरी से भरे दो ट्रैक्टर मय ट्रॉली जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में प्रकाश पुत्र भगवान, जाति भील, निवासी गिलूंड, थाना रेलमगरा, जिला राजसमंद तथा भैरू पुत्र किशन, जाति भील, निवासी तुर्किया खुर्द, थाना कपासन, जिला चित्तौड़गढ़ को पकड़ा गया। दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग की टीम को सुपुर्द किया गया है।
बछड़े की गर्दन पर धारदार हथियार से वार करने की रील वायरल, आरोपी तलवार सहित गिरफ्तार
कपासन पुलिस टीम ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान 5 अक्टूबर 2026 को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो रील वायरल होते हुए देखी। वीडियो में एक युवक धारदार तलवार से भैंस के बछड़े की गर्दन पर वार करता हुआ दिखाई दे रहा था।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान की और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार तलवार बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी लखमा पुत्र रामचन्द्र, जाति बागरिया, उम्र 39 वर्ष, निवासी गौराजी का निबाहेड़ा, थाना कपासन, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के खिलाफ थाना कपासन में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस थाना कपासन द्वारा तीनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी है और संबंधित प्रकरणों में आगे की जांच की जा रही है।