देवास। स्टेशन रोड स्थित शासकीय नूतन स्कूल में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सन फार्मा कंपनी के सीएसआर फंड से लाखों रुपए की लागत से स्कूल में आधुनिक सुविधाओं का विकास किया गया, जिनका लोकार्पण मंगलवार को देवास विधायक गायत्री राजे पंवार के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
स्कूल में विद्यार्थियों के लिए आरओ वाटर कूलर, 5 हाईटेक स्मार्ट क्लास, आधुनिक साइंस लैब तथा मिडिल स्कूल के लिए आधुनिक किचन तैयार किया गया है। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक गायत्री राजे पंवार ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। स्कूल में स्मार्ट क्लास, साइंस लैब और शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाएं मिलने से विद्यार्थियों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सीएसआर के माध्यम से निजी कंपनियों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा सहयोग समाज के लिए महत्वपूर्ण है और ऐसी पहल से सरकारी स्कूलों में सुविधाओं का विस्तार होता है।
विधायक ने कहा कि बच्चों को आधुनिक संसाधनों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, यही प्रयास होना चाहिए। उन्होंने सन फार्मा कंपनी द्वारा किए गए सहयोग की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति रवि जैन, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल सन फार्मा के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा नेता-पदाधिकारी, विद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार साहू ने सन फार्मा कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्मार्ट क्लास, साइंस लैब और शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाओं से विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा तथा शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।