बड़वानी। राजपुर निजी कृषि भूमि से अवैध रूप से मुरूम खनन किए जाने का आरोप लगाते हुए राजपुर निवासी सचिन शर्मा ने कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। उन्होंने पूर्व में की गई सीएम हेल्पलाइन शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने और मौका निरीक्षण के बाद शिकायत बंद किए जाने पर भी सवाल उठाए।
शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी माताजी साधना बाई पति रमेशचन्द्र के नाम सर्वे नंबर 187/2 एवं 187/3, रकबा 0.906 हेक्टेयर कृषि भूमि दर्ज है। आरोप है कि राजाराम पिता मांगीलाल एवं गदु पिता मांगीलाल निवासी राजपुर द्वारा उक्त भूमि से अवैध रूप से मुरूम का उत्खनन किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने खनन से संबंधित वीडियो साक्ष्य के रूप में सुरक्षित होने की बात कही है।
आवेदन में बताया गया कि 17 मई 2022 को सीएम हेल्पलाइन क्रमांक 17639292 पर शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पटवारी द्वारा मौका निरीक्षण के बाद सही जानकारी नहीं दी गई और उनकी शिकायत बंद करवा दी गई। उनका कहना है कि उन्होंने किसी शासकीय दस्तावेज पर हस्ताक्षर भी नहीं किए थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार बड़वानी से निरीक्षण करने आए अधिकारी ने मौखिक रूप से पूर्व में करीब 1000 ट्रॉली तथा वर्तमान में करीब 300 ट्रॉली मुरूम खनन होने की जानकारी दी थी। वहीं पंचनामे में मौके पर किसी व्यक्ति को अवैध खनन करते नहीं पाए जाने का उल्लेख किया गया।
सचिन शर्मा ने बताया कि उन्होंने 29 सितंबर 2026 को भी आवेदन देकर मामले से अवगत कराया था। अब उन्होंने कलेक्टर से मामले की पुनः जांच कर कथित अवैध मुरूम खनन के संबंध में दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।