चित्तौड़गढ़। समाज कल्याण सप्ताह समारोह-2026 के तहत मंगलवार को शहीद मेजर नटवर सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, चित्तौड़गढ़ में जन चेतना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न सामाजिक बुराइयों और कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए शिक्षित, संस्कारित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक चंद्र प्रकाश जीनगर ने विद्यार्थियों को विभिन्न सामाजिक कुरीतियों एवं बुराइयों से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी जागरूक होकर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाए तो समाज में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
नशे के दुष्प्रभाव बताए, दिलाई नशामुक्ति की शपथ-
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय में प्रहरी क्लब के गठन, उसकी भूमिका एवं महत्व पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
सामाजिक बुराइयों की रोकथाम में विद्यार्थियों की भूमिका अहम-
विद्यालय के प्राचार्य ओम प्रकाश ने विद्यार्थियों से सामाजिक बुराइयों की रोकथाम के लिए स्वयंसेवक के रूप में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं में जागरूकता के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ प्रभावी वातावरण तैयार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उप प्राचार्य शंभूलाल जाट सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आशा कंवर ने किया।