बड़वानी। इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग कॉलेज की जीएनएम बैच 2020-21 की 20 से अधिक छात्राओं ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन किया। छात्राओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज ने उनकी मूल मार्कशीट और अन्य शैक्षणिक दस्तावेज 4 महीने से रोक रखे हैं। विरोध में छात्राओं ने अब तक दिए गए आवेदनों और ज्ञापनों की प्रतियां जलाईं।छात्रा कमला चौहान ने बताया कि उनका कोर्स 31 मई 2024 को पूरा हो गया था।
कॉलेज प्रबंधन ने करेक्शन के नाम पर उनके मूल दस्तावेज जमा करा लिए थे। 4 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक वापस नहीं किए गए। उन्होंने बताया कि 4 छात्राओं को उनकी मार्कशीट दे दी गई है, जबकि बाकी की रोकी गई हैं। छात्रा राखी आवास्या ने बताया कि दस्तावेज मांगने पर कॉलेज स्टाफ दुर्व्यवहार करता है। छात्राओं के अनुसार, मूल दस्तावेज के अभाव में नौकरी, आगे की पढ़ाई और नर्सिंग पंजीयन जैसे काम रुक गए हैं। उन्होंने 9 सूत्रीय मांग रखी है, जिसमें तत्काल दस्तावेज वापस दिलाने और दुर्व्यवहार की जांच शामिल है।