नीमच। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जावी में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नीमच यातायात थाना प्रभारी मलखान सिंह ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने सड़क पर पैदल चलते समय बरती जाने वाली सावधानियों, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों तथा वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में विद्यार्थियों को बताया।
उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। साथ ही यातायात संकेतों एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
सुरक्षित यातायात प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी-
थाना प्रभारी मलखान सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने माता-पिता, परिजनों और आसपास के लोगों को भी सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक एवं प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। विद्यार्थियों ने सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने और दूसरों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।