नीमच। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 88 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में फसल बीमा, उपचार के लिए आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि एवं अतिक्रमण, पट्टा, राजस्व अभिलेख, नामांतरण, बंटवारा, पशुपालन ऋण, रोजगार सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने सम्पबाई के पुत्र दीपक के हाथ के उपचार के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने, रविंद्र के आवेदन पर संबंधित तहसीलदार को रास्ता खुलवाने तथा सूरज सुराहा को रेडक्रॉस के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा आवेदकों ने सीएम हेल्पलाइन, पट्टा, आर्थिक सहायता, भूमि विवाद, राजस्व संबंधी समस्याओं, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, रास्ता खुलवाने, वेतन भुगतान, ऑनलाइन राजस्व अभिलेख दर्ज करने, समग्र आईडी में नाम जोड़ने, राशन पोर्टल पर नाम दर्ज करने और विद्युत बिल संबंधी समस्याएं भी प्रस्तुत कीं।
कलेक्टर चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए यथासंभव शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिले, यही जनसुनवाई का उद्देश्य है।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, श्रुति भायडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।