नीमच। जिले में राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम शासकीय सीएम राइज स्कूल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मुकेश मोरिया ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खुले में खेलने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखने से बच्चों में कृमि संक्रमण की समस्या हो सकती है। इसके कारण पेट दर्द, भूख न लगना, पढ़ाई में मन नहीं लगना और जल्दी थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। संक्रमण का बच्चों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और कृमिनाशक दवा का सेवन करने का आह्वान किया।
शिक्षा विभाग के सांख्यिकी अधिकारी अक्षय सिंह बावल ने कहा कि स्वस्थ तन और मन के लिए कृमिमुक्त रहना आवश्यक है। कृमि संक्रमण से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन बच्चों के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास में सहायक है। स्वस्थ बच्चे ही आगे चलकर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य महेशचंद्र शर्मा एवं डीसीएम चंद्रपाल सिंह राठौर ने भी बच्चों को संबोधित किया। इस दौरान अतिथियों ने अपने समक्ष बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई। कार्यक्रम का संचालन अनिल शर्मा ने किया, जबकि उप प्राचार्य विशाल सोनी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सुपरवाइजर शराफत खान, महेश यति एवं देवीलाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
करीब 3 लाख बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य-
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस के तहत जिले में करीब 3 लाख बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया था। अभियान के तहत जिले के स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बच्चों में किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया।