नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 7 अक्टूबर को नीमच के टाउन हॉल में जिला स्तरीय ‘सेवा ज्योति यात्रा–विकसित भारत का संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में सुबह 9:15 बजे आमजन एवं प्रतिभागियों का आगमन होगा। इसके बाद सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वंदे मातरम् एवं स्वागत के पश्चात सुबह 10:15 बजे वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा। इसके बाद सुबह 10:55 बजे ‘विकसित भारत @2047’ के सामूहिक संकल्प का आयोजन किया जाएगा।
सुबह 11 बजे स्थानीय अतिथियों द्वारा सेवा ज्योति एवं मशाल प्रज्वलित की जाएगी। राष्ट्रगान के बाद सुबह 11:10 बजे सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया जाएगा। प्रज्वलित मशाल को नीमच, मनासा और जावद विधानसभा क्षेत्रों में ले जाया जाएगा। यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
सेवा ज्योति यात्रा का उद्देश्य अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को ‘विकसित भारत @2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।