नीमच। नवम राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय मनासा एवं पिपलिया रावजी के माध्यम से आयोजित कार्यक्रमों में कुल 90 हितग्राहियों ने सहभागिता की।
मनासा के टीकाकरण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में 43 हितग्राही शामिल हुए। यहां किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को आहार में विविधता और प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों के महत्व की जानकारी दी गई।
वहीं पिपलिया रावजी के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में 47 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आवश्यक जांच के साथ उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। इस दौरान कृमि संक्रमण से बचाव, संतुलित पोषण तथा उचित आहार-विहार के संबंध में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदनलाल पाटीदार एवं डॉ. आबिद खान सहित स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अन्य सहयोगियों ने सेवाएं प्रदान कीं।