खनियाधाना। सेवा में मेरा योगदान अभियान के तहत मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर एवं जिला अंधत्व निवारण अधिकारी डॉ. गिरीश चतुर्वेदी के कुशल निर्देशन व मार्गदर्शन में एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह शिविर पवन कुमार भरदेलिया नेत्र चिकित्सा सहायक, विकास खंड खनियाधाना द्वारा माध्यमिक विद्यालय गरेठा में आयोजित किया गया। शिविर के दौरान स्कूल के सभी छात्र-छात्राओं की आंखों की सूक्ष्मता से जांच की गई। परीक्षण के दौरान जिन बच्चों में दृष्टि दोष (कम दिखाई देना) पाया गया, उन्हें मौके पर ही निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। इसके साथ ही गांव के वरिष्ठ नागरिकों (सीनियर सिटीजन) का भी नेत्र परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए।
इसी कड़ी में, कल्पतरु प्रोजेक्ट इंटरनेशनल लिमिटेड (वाटर सप्लाई स्कीम, गरेठा) में भी एक विशेष जांच शिविर लगाया गया। यहां कार्यरत सीनियर सिटीजन वर्कर्स एवं अन्य कर्मचारियों की आंखों की जांच की गई और दृष्टि दोष से पीड़ित कर्मचारियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। शिविर के दौरान नेत्र सहायक पवन कुमार भरदेलिया ने उपस्थित बच्चों और बुजुर्गों को आंखों की देखभाल, पौष्टिक आहार एवं डिजिटल स्क्रीन से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी। निःशुल्क चश्मे प्राप्त कर बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।