खरगोन। जिले के करही में सोमवार को नगर परिषद करही द्वारा जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। सोमवार को नगर परिषद की टीम ने पहले से चिह्नित किए गए अति-जीर्ण-शीर्ण और खतरनाक मकानों पर जेसीबी चलाकर उन्हें पूरी तरह जमींदोज कर दिया।
मामले की जानकारी देते हुए नगर परिषद सीएमओ कमलेश गोले ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना या हादसे को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी के तहत राजस्व विभाग और पुलिस बल के साथ एक संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई थी।
इस कार्रवाई के दौरान मुख्य मार्ग पर स्थित वार्ड क्रमांक 4 में हामिद खान के मकान, वार्ड क्रमांक 6 में दिलीप निगम के जर्जर मकान और वार्ड क्रमांक 15 में स्थित पुराने पंचायत भवन को ध्वस्त किया गया है। यह इमारतें काफी समय से बेहद खराब स्थिति में थीं, जिससे आने-जाने वाले लोगों और आसपास के रहवासियों के लिए लगातार खतरा बना हुआ था।
कार्रवाई के दौरान मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। इस संयुक्त कार्रवाई में मुख्य रूप से अतिरिक्त तहसीलदार राजेश मुजमेर, थाना प्रभारी राजेंद्र इंगले सहित अन्य थानों के पुलिस अधिकारी, राजस्व पटवारी और नगर परिषद का पूरा अमला मौजूद रहा। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में आगे भी सुरक्षा के लिहाज से ऐसी ही कार्रवाई जारी रहेगी।