नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा ज्योति कलश–विकसित भारत संकल्प’ कार्यक्रम आज सुबह 9 बजे से स्थानीय टाउन हॉल में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी, कार्यकर्ता, हितग्राही एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन वर्चुअल माध्यम से शुरू हुआ। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने सेवा ज्योति में शामिल होने वाले नागरिकों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि जनता-जनार्दन का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और वे देश की सेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने विनायक मंदिर जाकर देश के 140 करोड़ लोगों के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से देश की सेवा करने की शक्ति मांगी। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर जिस व्यक्ति का सबसे बड़ा योगदान है, वहां जनता-जनार्दन का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम के दौरान ‘विकसित भारत @2047’ के सामूहिक संकल्प के साथ सेवा ज्योति कलश को लेकर यात्रा निकाली जाएगी। सेवा ज्योति को नीमच, मनासा और जावद विधानसभा क्षेत्रों तक ले जाकर सेवा, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर पुलिस एवं प्रशासन भी मुस्तैद है। टाउन हॉल परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।