शाजापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के आला उमरोद जोड़-बेरछा रोड पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक शाजापुर से अपने गृहग्राम लाहौरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आला उमरोद जोड़ के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में मोहित सौराष्ट्रीय की मौत हो गई, जबकि शिवम सौराष्ट्रीय गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मदद करते हुए मृतक और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां शिवम का उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।