नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा ज्योति कलश–विकसित भारत संकल्प’ कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति कलश यात्रा टाउन हॉल से रवाना हो गई है। यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यात्रा नीमच, मनासा और जावद विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी।
इससे पहले स्थानीय टाउन हॉल में सुबह 9 बजे से आयोजित कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी, कार्यकर्ता, हितग्राही एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन वर्चुअल माध्यम से हुआ। प्रधानमंत्री ने सेवा ज्योति में शामिल होने वाले नागरिकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि जनता-जनार्दन का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और वे देश की सेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने विनायक मंदिर जाकर देश के 140 करोड़ लोगों के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से देश की सेवा करने की शक्ति मांगी। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर जिस व्यक्ति का सबसे बड़ा योगदान है, वहां जनता-जनार्दन का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
इसके बाद ‘विकसित भारत @2047’ के सामूहिक संकल्प के साथ सेवा ज्योति कलश यात्रा को रवाना किया गया। यात्रा के दौरान सेवा और जनकल्याण से जुड़े संदेशों के साथ विकसित भारत के संकल्प को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम और यात्रा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन भी मुस्तैद रहा। टाउन हॉल परिसर एवं आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।