नीमच। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशों के पालन में जिले में छूटे हुए तथा पहली बार मतदाता बनने वाले 18-19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने देना है।
BLO घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन-
विशेष अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा SIR से पूर्व की मतदाता सूची एवं वर्तमान में प्रकाशित मतदाता सूची का मिलान किया जाएगा। SIR प्रक्रिया के दौरान जिन पात्र मतदाताओं के नाम किसी त्रुटि अथवा अन्य कारण से सूची से हट गए हैं या जो SIR के दौरान तैयार की गई ASDR सूची में शामिल थे, उनका BLO द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा।
सत्यापन में पात्र पाए जाने पर संबंधित नागरिक का नाम प्रारूप-6 के माध्यम से मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। सभी BLO को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि किसी भी पात्र मतदाता से प्रारूप-6 के साथ घोषणा-पत्र नहीं लिया जाए।
7, 8 और 9 अक्टूबर को विशेष कैंप
18-19 वर्ष के युवाओं एवं छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्रत्येक BLO द्वारा मतदान केंद्र स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। ये कैंप 7, 8 एवं 9 अक्टूबर 2026 को विद्यालयों, महाविद्यालयों, रात्रि आश्रय स्थलों, श्रमिक बस्तियों तथा बेघर एवं वंचित वर्गों के नागरिकों की अधिक उपस्थिति वाले स्थानों पर लगाए जाएंगे।
BLO से संपर्क करें या ऑनलाइन भरें Form-6
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी नागरिकों, विशेष रूप से 18-19 वर्ष के युवाओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित क्षेत्र के BLO से संपर्क करें अथवा भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से प्रारूप-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं।
पात्र नागरिक अधिक से अधिक संख्या में इस विशेष अभियान में सहभागिता करें और अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।