बड़वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित निजी रिसोर्ट में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया। जिले की चारों विधानसभा बड़वानी, राजपुर, सैंधवा एवं पानसेमल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, हितग्राही, आमजन और मातृशक्ति शामिल हुए।
चारों विधानसभाओं से पहुंचे कार्यकर्ता
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल रहे। जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, पानसेमल विधायक श्याम बर्डे, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, सेवा संकल्प अभियान के जिला प्रभारी विकास आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल सहित पदाधिकारी मंचासीन रहे। जिला कलेक्टर जयति सिंह सहित जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता और नगर पालिका सीएमओ सोनाली शर्मा भी मौजूद रहे।
एलईडी पर दिखाया पीएम मोदी का संबोधन
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के पूजन-अर्चन व दीप प्रज्वलन से हुई। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य पर जोर देते हुए राष्ट्र प्रथम का संकल्प दोहराया।
संकल्प के साथ प्रज्वलित हुई सेवा ज्योति
सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने उपस्थित लोगों को विकसित भारत का संकल्प दिलाया। इसके बाद सेवा संकल्प ज्योति प्रज्वलित कर सेवा ज्योति रथ के साथ यात्रा निकाली गई। यात्रा श्रीराम चौक पहुंचकर वापस आयोजन स्थल पर आई। इसके बाद चारों विधानसभाओं के प्रभारी एवं कार्यकर्ता ज्योति लेकर अपनी-अपनी विधानसभा के लिए रवाना हुए।
750 जिलों में आयोजित हुई यात्रा
सांसद पटेल ने बताया कि देशभर के 750 जिलों में सेवा ज्योति यात्रा आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए समर्पित रहने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प दिया है। कार्यक्रम में जिलेभर से हजारों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।