मनासा। ‘मारने वाला है भगवान, बचाने वाला है भगवान’ इसी विश्वास के साथ श्रीहनुमान चालीसा का पाठ करते हुए कैप्टन स्मित माछर ने 180 यात्रियों की जान बचाई थी। इसी भाव और आस्था के साथ मंगलवार को गुरुकृपा कॉलोनी में 107वां श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में सनातन परिवारों ने सहभागिता की।
सनातन सत्संग मंडल द्वारा मंदिरों की नगरी मनासा में धर्म, अध्यात्म और संस्कार की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के युवा विद्वान, रामराष्ट्र आराधक एवं साहित्याचार्य संत श्री चेतनरामजी की पावन प्रेरणा से प्रत्येक मंगलवार को श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 107वां पाठ एवं सत्संग गुरुकृपा कॉलोनी में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ लाभार्थी जितेंद्र सोनी, यशवंत सोनी (पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष), कैलाश राठौर एडवोकेट, पवन राठौर, सत्यनारायण डबकरा, दिनेश मेहता, गणेश जैन, बाबूलाल फरक्या, निलेश दानगढ़, राहुल काला, हरिश मंडवारिया, दामोदर पाटीदार, मनोहर पाटीदार, श्रवण कारपेंटर, विनोद झंवर सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीहनुमानजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ। राजकुमार मारू, अरुण झंवर, समरथ खाटवा, कमल विजयवर्गीय, ओम सोनी एवं गोपाल हिन्दुस्तानी सहित अन्य कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए।
सनातन सत्संग मंडल ने सभी सनातन परिवारों एवं लाभार्थी परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 13 अक्टूबर, मंगलवार को रात्रि 8 बजे हिन्दू उत्सव समिति गरबा मंडल पांडाल, जूनासाथ मोहल्ला में आयोजित होने वाले 108वें श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया।