खरगोन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को जिले में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया गया। उत्कृष्ट स्कूल परिसर में जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित समारोह में जिलेभर से बड़ी संख्या में हितग्राही और आमजन शामिल हुए। सुबह करीब 9 बजे यात्रा का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, विधायक बालकृष्ण पाटीदार, विधायक राजकुमार मेव, कलेक्टर गुरुप्रसाद, एसपी रविंद्र वर्मा, जिला पंचायत सीईओ मिलिंद नागदेवै सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन माध्यम से संबोधित किया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से हुए प्रसारण में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बाल्यकाल से लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हर कार्य से उन्हें सीख मिली और नई ऊर्जा के साथ राष्ट्र सेवा को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें कभी अकेलापन महसूस नहीं होता, क्योंकि करोड़ों स्वयंसेवक उनकी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि मां भारती की निःस्वार्थ सेवा करना हमारा निश्चित कर्म है।