बुरहानपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुरहानपुर पुलिस ने आपत्तिजनक गाने बजाने वाले DJ संचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पहले ही सभी थाना प्रभारियों और DJ संचालकों की बैठक आयोजित कर धार्मिक आयोजनों के दौरान आपत्तिजनक अथवा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गाने नहीं बजाने की स्पष्ट हिदायत दी गई थी।
इसी क्रम में गणेश विसर्जन के दौरान लगाए गए QR कोड के माध्यम से पुलिस को एक DJ वाहन पर आपत्तिजनक गाने बजाए जाने की शिकायत मिली। शिकायत के साथ संबंधित वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया। पुलिस ने वीडियो और शिकायत की जांच की, जिसमें मामला सही पाया गया।
जांच में संबंधित DJ वाहन क्रमांक MP09 LP4291 का शिकारपुरा क्षेत्र से होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने DJ वाहन को जब्त कर लिया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।