चित्तौड़गढ़। कपासन थाना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई चोरी की सात वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कपासन थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में दिन के समय सूने मकानों को निशाना बनाकर सात चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देश पर डकैती, लूट, चोरी एवं नकबजनी की वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी कपासन हरीश भारती के निर्देशन में थानाधिकारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पेट्रोल पंप पर गया था पति, खेत पर गई थी पत्नी-
28 सितंबर 2026 को सिंहपुर निवासी बद्रीलाल जाट ने कपासन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे वह पेट्रोल पंप पर काम करने चला गया था, जबकि उसकी पत्नी खेत पर गई थी। दोपहर करीब 12:30 बजे जब वह घर लौटा तो मकान के कमरों के दरवाजे खुले मिले और सामान बिखरा हुआ था। कमरे में रखी लोहे की अलमारी से चांदी का कंदौरा, पायजेब, बिछुड़ियां, अंगूठियां सहित अन्य चांदी के आभूषण चोरी हो चुके थे। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस-
वारदात की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी सुनील शर्मा ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।
पुलिस ने आरोपी को नामजद कर उसकी तलाश शुरू की। पूछताछ के बाद आरोपी ने दिनदहाड़े सात चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी ने इन 7 वारदातों को दिया अंजाम
पहली वारदात—कल्याणपुरा: करीब चार-पांच माह पहले दिन के समय कल्याणपुरा गांव में नोहरे की चद्दरों के ऊपर चढ़कर मकान की छत से अंदर प्रवेश किया। कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से करीब 60 हजार रुपए नकद, सोने का टड्डा, रामनामी और दो मादलिये चोरी किए।
दूसरी वारदात—मुंगाना: करीब तीन माह पहले मुंगाना गांव में मकान के पीछे से छत पर चढ़कर सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतरा। कमरे और पेटी का ताला तोड़कर सोने का टड्डा, चार मादलिये, एक जोड़ी चांदी की पायजेब और तीन हजार रुपए नकद चोरी किए।
तीसरी वारदात—सिंहपुर: करीब ढाई माह पहले कस्बा सिंहपुर में मकान की साइड में बने कच्चे मकान से चढ़कर दीवार के अंदर कूदकर मकान में प्रवेश किया। कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से चांदी की पायजेब और 38 हजार रुपए नकद चोरी किए।
चौथी वारदात—मुंगाना: करीब एक माह पहले मुंगाना गांव में सूने मकान को निशाना बनाया। पीछे से छत पर चढ़कर मकान में घुसा और कमरे का ताला तोड़कर बेड की ड्रॉवर में रखी चांदी की पायजेब और 60 हजार रुपए नकद चोरी किए।
पांचवीं वारदात—सिंहपुर: करीब 20 दिन पहले कस्बा सिंहपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अलमारी से चार सोने के मादलिये, दो रामनामी, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायजेब, बिछुड़ियां और अंगूठियां चोरी की।
छठी वारदात—सिंहपुर: करीब 10 दिन पहले सिंहपुर में दिन के समय सूने मकान के बाहर लगा ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से चांदी का कंदौरा, पायजेब, अंगूठी और बिछुड़ियां चोरी की।
सातवीं वारदात—जाशमा: करीब पांच-छह दिन पहले जाशमा गांव में दिन के समय सूने मकान को निशाना बनाया। पुराने स्कूल की ओर से चढ़कर मकान की छत पर पहुंचा और कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से सोने के कान के टॉप्स, झुमके, रामनामी, मादलिया, नथ तथा चांदी की बिछुड़ियां, कंदौरा और पायजेब चोरी की।
आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस ने छगनलाल (27) पिता उदयराम, जाति तेली, निवासी कांकरवा, थाना भूपालसागर, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों और चोरी किए गए सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका-
कार्रवाई में थानाधिकारी सुनील शर्मा, उप निरीक्षक तुलसीराम, सहायक उप निरीक्षक उदयलाल, साइबर सेल चित्तौड़गढ़ के कांस्टेबल रामावतार, कांस्टेबल जितेंद्र, लक्ष्मण, बिरमाराम एवं देवीलाल तथा चोरी निरोधक टीम चित्तौड़गढ़ के कांस्टेबल दुर्गेश और पदम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार, पूरी वारदात को ट्रेस करने से लेकर आरोपी की गिरफ्तारी तक कांस्टेबल जितेंद्र गुर्जर, आसूचना अधिकारी, पुलिस थाना कपासन की विशेष भूमिका रही।