नीमच। नीमच के खिलाड़ियों ने 10वीं लेजर रन नेशनल चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण सहित कुल 10 पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब ने मल्टीस्पोर्ट के क्षेत्र में एक बार फिर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
प्रतियोगिता में नीमच की टीम ने टीम कोच एवं मैनेजर नितेश शर्मा और मयंक कटारिया के मार्गदर्शन में विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण सहित कुल 10 पदक हासिल किए।
मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया एवं मोटिवेटर राकेश कोठारी ने खिलाड़ियों की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रदर्शन नीमच में विकसित हो रही मल्टीस्पोर्ट प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ कोच, मैनेजर और अभिभावकों को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्विमफ्लाय की खेल यात्रा पिछले 18 वर्षों में तैराकी से आगे बढ़कर ट्रायथलॉन और मॉडर्न पेंटाथलॉन जैसे मल्टीस्पोर्ट खेलों तक पहुंची है। क्लब का मानना है कि प्राप्त 10 पदक मंजिल नहीं, बल्कि नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की शुरुआत हैं।
क्लब की ओर से आने वाले वर्षों में 7 से 17 वर्ष के बच्चों के लिए टैलेंट आइडेंटिफिकेशन और फीडर सेंटर के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रारंभिक स्तर से तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। नियमित प्रशिक्षण, प्रतियोगिता अनुभव, फिटनेस, पोषण और खेल विज्ञान के सहयोग से छोटे शहरों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
स्विमफ्लाय का लक्ष्य वर्ष 2029 और 2036 के लिए खिलाड़ियों की नई पीढ़ी तैयार करना है। लेजर रन में मिले 3 स्वर्ण सहित 10 पदक इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माने जा रहे हैं।