मनासा। मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण योजना के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनासा में विकासखंड स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने विकासखंड के 22 शासकीय उमावि विद्यालयों के 36 छात्र-छात्राओं को स्कूटी वितरित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। विधायक मारू ने विद्यार्थियों को योजना के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने पालकों से विद्यार्थियों के विषय चयन में सकारात्मक सहयोग करने का आग्रह किया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी बीएल जावसिया ने विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। इस अवसर पर आशीष सारडा, कैलाश पुरोहित, मुकेश डांगी, सत्यनारायण मंडवरिया सहित उमावि विद्यालयों के प्राचार्य, पालक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।