जावद। मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत जावद विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड जावद के 22 उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के 37 विद्यार्थियों को योजना के तहत स्कूटी वितरित की गई।
कार्यक्रम में जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही विद्यालय एवं महाविद्यालय तक आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है। स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने इसे अपनी शिक्षा के लिए उपयोगी बताते हुए खुशी जाहिर की। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।