नीमच। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘सेवा, मेरा योगदान’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिव्यांगजनों हेतु कौशल विकास कार्यशाला का आयोजन 8 अक्टूबर को किया जाएगा। कार्यशाला प्रातः 10 बजे से जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला अस्पताल के सामने, नीमच में आयोजित होगी। प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी।
कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजनों को कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इसमें मोबाइल रिपेयरिंग, डेयरी, अगरबत्ती निर्माण, कागज के उत्पाद, पापड़-अचार-मसाला निर्माण, सिलाई, जूट उत्पाद, ब्यूटी पार्लर, विद्युत उपकरण मरम्मत एवं बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण सहित विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षणों के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इसके साथ ही व्यक्तित्व विकास एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए प्रेरक संवाद भी आयोजित किया जाएगा। कार्यशाला के माध्यम से दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अधिक से अधिक दिव्यांगजनों से कार्यशाला में उपस्थित होकर शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उपलब्ध प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की गई है।