मनासा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को मनासा सिविल अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 14 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिससे कुल 14 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दिया।
शिविर की खास बात रही कि मनासा बीएमओ डॉ. साजिद अंसारी ने स्वयं रक्तदान कर अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए आमजन से आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
शिविर के माध्यम से नियमित रक्तदान के महत्व का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर उपलब्ध रक्त जीवनरक्षक साबित हो सकता है, इसलिए स्वस्थ लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।