खरगोन/कसरावद। स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने और आम लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, संभाग मंडलेश्वर एवं खरगोन वृत्त के मार्गदर्शन में कसरावद एमपीईबी गेट परिसर में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जागरूकता एवं पंजीयन शिविर आयोजित किया गया शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चला शिविर में विभिन्न सोलर कंपनियों के प्रतिनिधियों ने लोगों को घर की छत पर सोलर प्लांट लगाने से होने वाले लाभ, सब्सिडी एवं बिजली उत्पादन की जानकारी दी। नर्मदा पावर, गीतांजलि पावर, आर सोलर, अपना आशा पावर सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। एसबीआई एवं नर्मदा बैंक के प्रतिनिधियों ने बैंकिंग एवं ऋण संबंधी जानकारी भी दी कार्यपालन यंत्री मंडलेश्वर अमीर कुरैशी, धनसिंह खांडेकर सहित विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में 18 लोगों का पंजीयन किया गया।
योजना के तहत 1 किलोवाट पर ₹30 हजार, 2 किलोवाट पर ₹60 हजार तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक पर अधिकतम ₹78 हजार तक की केंद्रीय सब्सिडी का लाभ मिल सकता है। सौर ऊर्जा से बिजली बिल में बड़ी राहत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।