मंदसौर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले के भानपुरा विकासखंड में आगामी 9 अक्टूबर को शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन से संवाद किया जाएगा और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का निराकरण किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:30 बजे उद्यम संवाद, सुबह 11 बजे पान क्लस्टर के लिए विशेष चौपाल तथा दोपहर 1:30 बजे जनसंवाद आयोजित होगा। इसके अलावा कलेक्टर दिव्यांक सिंह, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी भानपुरा नगरीय क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे।
भ्रमण के दौरान अधिकारी आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें प्राप्त करेंगे तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान करना है।
अधिकारियों द्वारा जिन ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण किया जाएगा, उनमें सुजानपुरा, कैलाशपुरा, हमीरगढ़, नावली, धावद बुजुर्ग, कोटड़ीटेक, प्रेमपुरिया, बड़ोदिया, गांधीसागर, रतनपुरा, औसरना, ओसारा, कैथूली और नीमथूर शामिल हैं। इसके साथ ही संपूर्ण भानपुरा नगरीय क्षेत्र में भी अधिकारियों द्वारा भ्रमण किया जाएगा।