रतलाम। अपेक्स बैंक भोपाल के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव के प्रथम नगर आगमन पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, रतलाम में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न शाखाओं एवं सहकारी समितियों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान शासन द्वारा लागू कवच योजना एवं एकल ऋण वितरण प्रणाली को लेकर चर्चा की गई। प्रशासक यादव ने किसानों को इन योजनाओं से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही बैंक के प्रगति प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई।
बैंक की लाभप्रदता की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए यादव ने बैंक के स्टाफ की सराहना की। उन्होंने समिति प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे किसानों के साथ लगातार संपर्क में रहें और यह सुनिश्चित करें कि उन्हें ऋण वितरण एवं रासायनिक उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ऋण पर लगने वाली ब्याज राशि का भुगतान शासन द्वारा बैंक को किया जा रहा है।
बैठक में बैंक महाप्रबंधक कृतज्ञ गुप्ता, उपायुक्त सहकारिता एन.एस. भाटी, प्रबंधक (प्रशासन) आंचल श्रोत्रिय सहित बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, शाखा प्रबंधक एवं समिति प्रबंधक उपस्थित रहे।