मनासा। तहसील क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए बुधवार का दिन यादगार रहा। राज्य सरकार की योजना के तहत स्थानीय पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनासा में आयोजित तहसील स्तरीय स्कूटी वितरण समारोह में 34 प्रतिभावान विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूटी प्रदान की गई। कार्यक्रम में मनासा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिरुद्ध माधव मारू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबियां सौंपीं।
समारोह में मंडल अध्यक्ष कैलाश पुरोहित, मंडल अध्यक्ष मुकेश डांगी, आशीष सारड़ा एवं सत्यनारायण मंडवारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मंचासीन रहे।
स्कूटी मेहनत का पुरस्कार, भविष्य की रफ्तार- विधायक
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने सभी सफल छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह स्कूटी विद्यार्थियों के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि उनकी मेहनत, लगन और सफलता का सम्मान है। यह सुविधा विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
विधायक ने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत के बल पर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से देश और समाज का नाम रोशन करने का आह्वान भी किया।
शिक्षा विभाग ने बताई योजना की उपयोगिता-
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी बी.एल. जावरिया ने योजना से संबंधित जानकारी एवं आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाओं से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ती है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने योजना को विद्यार्थियों के प्रोत्साहन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
स्कूटी मिलते ही खिल उठे विद्यार्थियों के चेहरे-
समारोह में मनासा तहसील क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबी मिलने के बाद उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। अभिभावकों ने भी इसे विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि का सम्मान बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह का संचालन हितेष जोशी ने किया। समापन अवसर पर पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य साधना सोनी ने अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।