भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार में खुशियों का आगमन हुआ है। उनके छोटे बेटे कुणाल सिंह चौहान और रिद्धि जैन माता-पिता बने हैं। शिवराज सिंह चौहान और साधना सिंह ने अपने पोते का नाम ‘अहान’ रखा है। कुणाल और रिद्धि की शादी 14 फरवरी 2025 को हुई थी।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पोते के जन्म की खुशी साझा की। उन्होंने लिखा कि आज उनके जीवन में फिर एक बार सौभाग्य का सूर्योदय हुआ है। बेटे के रूप में ‘अहान’ उनके घर अपार खुशियां लेकर आया है। कुणाल और रिद्धि के माता-पिता बनने पर उन्हें और साधना सिंह को फिर से दादा-दादी बनने का सौभाग्य मिला है।
उन्होंने कहा कि कार्तिकेय और अमानत बड़े पापा-बड़ी मम्मी बन गए हैं, जबकि उनकी लाड़ली इला को भाई मिला है। अहान की नन्ही-सी किलकारी ने पूरे घर को आनंद और प्रेम से भर दिया है। उन्होंने इसे परिवार के लिए ईश्वर का अनमोल आशीष बताया।