चित्तौड़गढ़ के मुंगाना स्थित देवनारायण मंदिर परिसर में संत रविदास सरस्वती संस्कार केंद्र का शुभारंभ किया गया। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आदर्श विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय कपासन की ओर से समाजसेवी अभय सोमानी के आर्थिक सहयोग से केंद्र शुरू किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत बाल कार्य एवं विद्या भारती के जिला संस्कार केंद्र प्रमुख दिनेश चंद्र भट्ट मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ संस्कारों की आवश्यकता भी बढ़ी है और संस्कार केंद्र समाज के सहयोग से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
भट्ट ने संत रविदास जी के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जीवन देश, धर्म और समाज की उन्नति के लिए प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम का संचालन कैलाश चंद्र गाडरी ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नितेश कुमार भट्ट ने अतिथियों का परिचय कराया, जबकि विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव अंबिका प्रसाद जायसवाल ने आभार व्यक्त किया। कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर भामाशाह अभय कुमार सोमानी, विद्यालय समिति के सदस्य, आचार्य-दीदी, सेवा बस्ती के भैया-बहिन, आरएसएस के खंड एवं जिला कार्यकर्ता, ग्राम के प्रबुद्धजन और माताएं उपस्थित रहीं।